रायपुर। छत्तीसगढ़ के रायपुर में गौमांस बिक्री के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खुर्शीद अली समेत छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 8 और 9 जनवरी की दरमियानी रात मोमिनपारा स्थित एक मकान में छापा मारकर गौमांस, मांस काटने के उपकरण, तराजू और अन्य सामग्रियां बरामद की। मुख्य आरोपी अपने बेटे समीर और इरशाद के साथ मिलकर इस अवैध गतिविधि को अंजाम दे रहा था।
सरकार की सख्त चेतावनी
छत्तीसगढ़ सरकार ने इस प्रकरण पर कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सोशल मीडिया पर चेतावनी देते हुए कहा कि राज्य में गौमांस तस्करी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे अपराधियों को उल्टा लटकाकर सीधा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी इसे सनातन आस्था और सामाजिक सद्भाव पर गंभीर आघात बताते हुए कहा कि अपराधियों के लिए छत्तीसगढ़ में कोई जगह नहीं है। उन्होंने गौमांस तस्करों को चेतावनी दी कि या तो वे सुधर जाएं या राज्य छोड़ दें।
सामाजिक आस्था पर चोट
सरकार और प्रशासन ने इस घटना को केवल कानून का उल्लंघन ही नहीं, बल्कि धार्मिक और सामाजिक आस्थाओं पर गहरा आघात करार दिया है। इस मामले को लेकर प्रदेशभर में कड़ी नाराजगी देखी जा रही है।
सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश में धार्मिक आस्थाओं और सामाजिक सद्भाव को ठेस पहुंचाने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।