बिलासपुर। आगामी नगर निगम चुनाव 11 फरवरी को होने वाले नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड नंबर 66 में प्रचार-प्रसार जोरों पर है। कांग्रेस प्रत्याशी विनय पिंकू पांडे के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे हुए हैं। वार्ड में कांग्रेस को भारी समर्थन मिलता दिख रहा है, जिससे चुनावी माहौल और गर्मा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनसंपर्क कर रहे हैं और पार्टी की नीतियों को जनता के सामने रख रहे हैं।
कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेश पांडे ने कहा कि, प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद वार्ड के लोगों का रुझान कांग्रेस की ओर दिख रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यदि नगर निगम में कांग्रेस का महापौर बनता है, तो वार्ड में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे। कांग्रेस प्रचारकों ने मतदाताओं को आश्वस्त किया कि सड़क, जल आपूर्ति, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवरेज और अन्य बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
प्रचार के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह
चुनाव प्रचार के दौरान जनता से मिल रहे सकारात्मक रुझान ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ा दिया है। वार्ड 66 में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनता दिख रहा है। मतदाता भी यह मान रहे हैं कि यदि कांग्रेस निगम में आती है, तो वार्ड में विकास कार्यों को गति मिलेगी।
भाजपा के खिलाफ नाराजगी, जनता कांग्रेस को देख रही विकल्प के रूप में
कांग्रेस से पार्षद प्रत्याशी विनय पिंकू पांडे का कहना है कि भाजपा के पिछले पार्षद ने वार्ड में कोई ठोस काम नहीं किया, जिससे जनता में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि इस बार वार्ड के लोग बदलाव चाहते हैं और कांग्रेस को अपना प्रतिनिधि बनाने का मन बना चुके हैं, ताकि वार्ड का सही विकास हो सके।
चुनावी समीकरण कांग्रेस के पक्ष में, 11 फरवरी को होगा फैसला
बिलासपुर नगर निगम चुनाव को लेकर वार्ड 66 में कांग्रेस का प्रचार चरम पर है। अब 11 फरवरी को मतदान के बाद यह स्पष्ट होगा कि जनता ने किसे अपना जनप्रतिनिधि चुना है। फिलहाल, कांग्रेस के समर्थन में उमड़ती भीड़ को देखकर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि मुकाबले में कांग्रेस काफी मजबूत स्थिति में है।