बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां 3 युवकों ने मिलकर अपने ही दोस्त पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसे मरा समझकर खून से लथपथ खेत में फेंक कर भाग निकले। युवक पूरी रात घायल हालत में तड़पता रहा। सुबह लोगों ने देखकर पुलिस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना ग्राम गोबरिपाठ की है।
बताया जा रहा है कि, कुछ युवकों ने पुरानी दुश्मनी के चलते अपने ही एक दोस्त पर चाकू से हमला कर दिया। लोरमी निवासी सलमान अली रविवार को अपने दोस्तों के साथ कोटा आया था। जहां काम निपटाने के बाद लौटते समय गोबरपाट में रुक गए। इस दौरान दोस्तों ने उसे साथ में शराब पिलाई। देर रात तक युवक शराब पीते बैठे थे।
पूरी रात खेत में पड़ा रहा घायल युवक
हमले के बाद युवक खेत में गंभीर हालत में पड़ा रहा। पूरी रात वह खून से लथपथ हालत में तड़पता रहा, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। अगली सुबह जब ग्रामीण खेत की ओर निकले तो उन्होंने युवक को खून से सना हुआ देखा। यह नजारा देख इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने दी पुलिस को सूचना
घटना की सूचना तुरंत ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत चिंताजनक बताई है। युवक का इलाज जारी है और उसकी पहचान को फिलहाल गुप्त रखा गया है।
हमलावर लोरमी क्षेत्र का निवासी
कोटा थाना पुलिस ने जांच में पाया है कि, हमले में शामिल युवक लोरमी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक हमलावरों और पीड़ित के बीच पहले से कोई विवाद चल रहा था, जिसकी वजह से इस हमले को अंजाम दिया गया।
एडिशनल एसपी अर्चना झा ने दी जानकारी
एडिशनल एसपी (ग्रामीण) अर्चना झा ने कहा। “पुलिस घटना से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।