रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में दोहरे हत्याकांड ने इलाके में सनसनी फैला दी है। गायत्री मंदिर के पास रहने वाली 45 वर्षीय उर्मिला सौरा और उनकी 24 वर्षीय बेटी पूर्णिमा सौरा की लाश उनके घर के बरामदे में पाई गई। यह दिल दहला देने वाली घटना थाने से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। रायगढ़ एसपी दिव्यांग पटेल खुद जांच दल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं। डॉग स्क्वायड की मदद से सुराग जुटाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने घर को सील कर दिया है और जांच जारी है। फिलहाल हत्या का कारण क्या था और आरोपियों ने किस वजह से डबल मर्डर को अंजाम दिया है। इसकी जांच की जा रही है।

इधर, पुलिस जांच में पता चला है कि मृतिका अपनी दो बेटियों के साथ घर में रहती थी। मृतिका की छोटी बेटी घटना के समय घर पर नही थी। वो डांस ग्रुप के साथ कलमी गांव गई हुई थी। कहा जा रहा है कि छोटी बेटी घर पर नहीं थी, इसी वजह से उसकी जान बच गई। नहीं तो उसे भी आरोपियों ने मार दिया होता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।