खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे अब खुलेआम मारपीट और जानलेवा हमला करने से भी नहीं हिचक रहे। बुधवार दोपहर शहर के रश्मि देवी फ्यूल पेट्रोल पंप पर दो बदमाशों ने एक कर्मचारी पर बेरहमी से हमला कर दिया। यह पेट्रोल पंप कलेक्टर बंगले के पास स्थित है, जहां पुलिस की नियमित गश्त रहती है।
CCTV में कैद हुई वारदात
CCTV फुटेज में साफ दिख रहा है कि दो युवक स्कूटी से पेट्रोल पंप पहुंचे और खुद ही गाड़ी में पेट्रोल डालने लगे। जब कर्मचारी ने रोका तो उन्होंने बहस शुरू कर दी। कुछ ही सेकंड में मामला इतना बढ़ गया कि एक बदमाश ने बड़े पत्थर से हमला किया, लेकिन निशाना चूक गया। इसके बाद लोहे की पाइप से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
डर के साए में पीड़ित परिवार
हमले के बाद कर्मचारी और उसका परिवार इतने भयभीत हो गए कि उन्होंने पुलिस में शिकायत करने से इनकार कर दिया। हालांकि, पेट्रोल पंप संचालक हरजीत सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए CCTV फुटेज के आधार पर खैरागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि कलेक्टर बंगले के पास ऐसी वारदात हो गई और पुलिस नदारद रही। क्या खैरागढ़ में अपराधियों को खुली छूट मिल गई है? आम जनता की सुरक्षा को लेकर अब गंभीर चिंता जताई जा रही है। अब देखना यह होगा कि पुलिस आरोपियों पर क्या कार्रवाई करती है या यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।