छत्तीसगढ़ के कांकेर में जादू-टोना के शक में बुजुर्ग की हत्या/ इमली के पेड़ के नीचे सोते समय हमला
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के मंडानार गांव में 1 फरवरी की रात जादू-टोना के शक में 60 वर्षीय बुजुर्ग की हथौड़े से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक सोमारू राम पोया घर की बाड़ी में इमली के पेड़ के नीचे खाट पर सोए थे, तभी गांव के ही 7 लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
अगली सुबह मिली हत्या की जानकारी
बुजुर्ग के बेटे रामसाय पोया ने अगली सुबह जब अपने पिता को घर में नहीं देखा, तो वह बाड़ी पहुंचे। वहां खाट पर खून से लथपथ उनके पिता मृत अवस्था में मिले। पास ही खून से सनी हुई लोहे की हथौड़ी भी पड़ी थी।
नक्सल इलाके में होने के कारण देर से कार्रवाई
घटना की सूचना पुलिस को 2 फरवरी की सुबह मिली, लेकिन नक्सल प्रभावित क्षेत्र होने और पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने के कारण पुलिस 3 फरवरी को मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा किया।
गहन जांच के बाद 7 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर धारा 103 (1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने जादू-टोना के शक में हत्या करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. गणेश मातलाम (30 वर्ष)
2. रमेश मातलाम (38 वर्ष)
3. बुधराम मातलाम (60 वर्ष)
4. सगउ राम मातलाम (32 वर्ष)
5. दुरगूराम मातलाम (28 वर्ष)
6. रतन सिंह मातलाम (36 वर्ष)
7. लखमू राम कोरेटी (62 वर्ष)
सभी आरोपी मंडानार गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।