रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के VIP रोड पर स्थित एक निर्माणाधीन 8 मंजिला इमारत की छत ढहने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि 8 मजदूर घायल हो गए हैं। हादसे के दौरान 2 मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है। यह घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र में हुई।
सूत्रों के अनुसार, छत ढलाई का काम जारी था, तभी अचानक छत का हिस्सा गिर गया। इसके साथ ही सेंटरिंग और लोहे के स्टैंड भी ढह गए, जिससे मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बिहार के मजदूर भी शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव कार्य तेजी से जारी है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने घटना में एक मौत की पुष्टि की है। प्रशासनिक टीमें मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।
रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है और प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।